“बेटियों को सशक्त बनाना ही विकसित समाज की नींव”— सीडीपीओ बालम राम वर्मा ने छात्राओं को किया जागरूक

जोगिंदर नगर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला द्राहल में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत छात्राओं को करियर, स्वास्थ्य और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई।
“बेटियों को सशक्त बनाना ही विकसित समाज की नींव”— सीडीपीओ बालम राम वर्मा ने छात्राओं को किया जागरूक

डलहौज़ी हलचल | जोगिंदर नगर

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला द्राहल में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) बालम राम वर्मा ने की।

करियर काउंसिलिंग और स्वास्थ्य पर दिया गया मार्गदर्शन

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक राहुल ठाकुर ने छात्राओं को करियर काउंसिलिंग के महत्व, उच्च शिक्षा के अवसरों और विभिन्न रोजगार संभावनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रंजना ने व्यक्तिगत स्वच्छता (पर्सनल हाइजीन), संतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी।

विभिन्न सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

सीडीपीओ बालम राम वर्मा ने कहा कि “बेटियों को सशक्त बनाना ही विकसित समाज की मजबूत नींव है।” उन्होंने छात्राओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मदर टेरेसा योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, बेटी है अनमोल योजना, मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना, महिला स्वयं रोजगार योजना सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और लाभों से भी छात्राओं को अवगत कराया।

बड़ी संख्या में छात्राओं ने लिया भाग

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य हरी सिंह, शिक्षकगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया गया।

विज्ञापन