डलहौज़ी हलचल (चंबा): पर्यटन नगरी डलहौज़ी के ओक ग्रो क्लब रोड क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक रिहायशी मकान के पीछे नाली में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 37 वर्षीय नीलकमल उर्फ मिट्ठू, निवासी वार्ड नंबर-4, सदर बाजार डलहौज़ी के रूप में हुई है। नीलकमल पिछले 13 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता था।
दुर्गंध आने पर हुआ मामले का खुलासा
वीरवार सुबह स्थानीय निवासी बलराज खन्ना ने अपने घर के पीछे नाली से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना डलहौज़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पत्थरों और लकड़ियों के बीच फंसे शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। शव काफी खराब अवस्था में था, जिसके कारण आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
11 अप्रैल को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
मृतक की पत्नी गीता ने 11 अप्रैल को थाना डलहौज़ी में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, नीलकमल 3 अप्रैल को बिना बताए घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।
कपड़ों और जूतों से हुई पहचान
पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुँचे मृतक के पिता योगराज, पत्नी गीता और बेटे हिमांशु ने शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि घर से निकलते समय नीलकमल ने फौजी रंग का लोअर, नीली जैकेट और भूरे रंग के जूते पहने थे। इन्हीं कपड़ों के आधार पर पुष्टि हुई कि बरामद शव नीलकमल का ही है।
40-50 फुट नीचे गिरने से हुई दुर्घटना
पुलिस की प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के निरीक्षण से पता चला है कि नीलकमल सड़क किनारे ढांक से करीब 40-50 फुट नीचे गिर गया था। गिरने के बाद वह सीधे नाली में जा गिरा। लंबे समय तक नाली में पड़े रहने और बारिश के कारण शव पूरी तरह सड़ चुका था। फिलहाल परिजनों ने किसी भी प्रकार की साजिश का संदेह जाहिर नहीं किया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल डलहौज़ी में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना डलहौज़ी के अन्वेषणाधिकारी स.उ.नि. कुलदीप सिंह द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।











