Hindi News » himachal-latest-news » painful accident due to landslides in

चंबा के मैहला में भूस्खलन से दर्दनाक हादसा: मायके आई बेटी और दामाद की मौत, पांच महीने पहले हुई थी शादी

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (चंबा): जिला चंबा के मैहला उपमंडल की ग्राम पंचायत चड़ी के गांव सूताह में बीती रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण पहाड़ी से आई चट्टान और मलबे की चपेट में आने से अपने मायके में रुकी महिला और उसके पति की मौके पर ही मौत हो गई।

रात 3 बजे के करीब हुआ हादसा

यह हादसा सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ, जब क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक बड़ी चट्टान और पानी का तेज बहाव सीधे संजू नामक व्यक्ति के घर पर आ गिरा। हादसे में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर के अंदर सो रहे नवविवाहित दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।

कुछ दिन पहले मायके आई थी बेटी, पति कल ही आया था

जानकारी के अनुसार, महिला पल्लू करीब पांच दिन पहले अपने मायके आई थी, जबकि उसके पति सनी की पिछले कल ही अपने ससुराल आने की सूचना है। वे दोनों घर के अंदर सो रहे थे, जब यह भयंकर हादसा हुआ।

पांच महीने पहले ही हुई थी शादी

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दंपति की शादी को महज पांच महीने ही हुए थे। सनी चंबा के कियाणी क्षेत्र का निवासी था। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

प्रशासन मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही चंबा से पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। प्रशासन ने मलबे से शवों को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पीड़ित परिवार को राहत देने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।