12 मई से शुरू होगा हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दी जानकारी
डलहौज़ी हलचल (चंबा), 13 मार्च। जनगणना–2027 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन की तैयारियों को लेकर जिला चंबा में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में मकानों का सूचीकरण तथा आवासों से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण 12 मई से 10 जून तक, जबकि दूसरा चरण 9 फरवरी से 5 मार्च 2027 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक गतिविधियों में से एक है, जिसके माध्यम से विकास योजनाओं के लिए आवश्यक आंकड़े जुटाए जाते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। इसके लिए स्मार्टफोन आधारित मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग किया जाएगा, जिससे डेटा संग्रहण और प्रसंस्करण पहले की तुलना में अधिक तेज और सटीक तरीके से किया जा सकेगा।
उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग दें और प्रगणकों को सही व सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निदेशक अनिल कुमार ने अधिकारियों को जनगणना से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं और संचालन के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में इस कार्य के लिए एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे, जो घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र के अनुसार जानकारी एकत्रित करेंगे।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण सामग्री का गहन अध्ययन करें और जनगणना कार्य को गंभीरता तथा जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया और जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए बेहतर समन्वय और योजना पर बल दिया गया।
इस अवसर पर एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, एसडीएम सलूणी चंद्रवीर सिंह, एसडीएम चुराह राजेश कुमार, एसडीएम भटियात मनीष सोनी, एसडीएम भरमौर विकास शर्मा, सहायक आयुक्त राहुल धीमान, जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रमजीत सिंह, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद राखी कौशल, नोडल अधिकारी कपिल कुमार सहित विभिन्न तहसीलों के तहसीलदार और उपतहसीलों के नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

