डलहौज़ी हलचल (नाहन) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता की लालसा में इस कदर अंधी हो चुकी है कि उसे प्रदेश की जनता की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब जनता के घरों में शौचालय सीटों की भी गिनती कर उन पर टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है। नड्डा ने हिमाचल में कांग्रेस की ‘झूठी गारंटियों’ को राज्य की दुर्दशा का कारण बताते हुए कहा कि कांग्रेस की वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति ने प्रदेश के ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर दिया है।
नाहन में आयोजित कार्यक्रम में नड्डा ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया और देहरा में बने पार्टी कार्यालय की पट्टिका का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
उन्होंने लोकसभा चुनावों में प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा की जीत के लिए प्रदेशवासियों का आभार जताते हुए कहा, “हिमाचल की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाकर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है।” उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा के 563 कार्यालय बन चुके हैं, जो पार्टी को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राहुल गांधी पर साधा निशाना
नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल अब ‘अर्बन नक्सल’ जैसी भाषा बोलने लगे हैं और देश को बांटने वाली राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अमेरिका जाकर भारत में आरक्षण को खत्म करने की बात की, जो एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय के अधिकारों का हनन है।
नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंचाया। “बिना केंद्र सरकार की मदद के हिमाचल सरकार एक दिन भी नहीं चल सकती,” उन्होंने कहा। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि वह हरियाणा में सभी महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा करते हैं, लेकिन हिमाचल की महिलाओं के लिए किए वादों को पूरा नहीं करते।
भाजपा को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य
नड्डा ने कहा कि भाजपा का हर जिला कार्यालय पार्टी की वैचारिक धरोहर है और कार्यकर्ताओं के लिए संस्कार केंद्र है। उन्होंने बताया कि भाजपा के कार्यकर्ता पहले किराए के मकानों में पार्टी कार्यालय चलाते थे, लेकिन अब पार्टी के पास हर जिले में आधुनिक सुविधाओं से लैस कार्यालय हैं। उन्होंने कहा, “हिमाचल में आज जो भाजपा का स्वरूप है, वह पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और त्याग का परिणाम है।”

हिमाचल में विकास कार्यों पर लगी रोक
नड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के हटते ही कांग्रेस ने प्रदेश के विकास कार्यों को ठप कर दिया। “मोदी सरकार ने हिमाचल को आईआईटी, एम्स, बल्क ड्रग पार्क, कैंसर केयर सेंटर, और सुपर स्पेशलिटी सेंटर जैसी सौगातें दीं, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इन योजनाओं को आगे नहीं बढ़ाया।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 1190 करोड़ रुपये की सहायता बाढ़ प्रभावित हिमाचल के लिए दी, लेकिन सुक्खू सरकार ने इसका भी सही उपयोग नहीं किया।
‘सबका साथ, सबका विकास’ पर जोर
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र पर चलते हुए भाजपा पूरे देश के विकास के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि भाजपा 18 करोड़ सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। “भाजपा के पास 973 जिला इकाइयां, 1.16 लाख शक्ति केंद्र, और 6.80 लाख बूथ समितियां हैं। भाजपा न केवल भारत की, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है,” उन्होंने कहा।

कांग्रेस की सत्ता के लिए अवसरवादिता
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल सत्ता के लिए राजनीति करती है और उसकी विचारधारा लगातार बदलती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सत्ता लोलुपता की वजह से राज्य के विकास कार्य ठप पड़े हैं। “कांग्रेस ने सत्ता के लालच में प्रदेश के विकास की गति को धीमा कर दिया है, जबकि भाजपा वैचारिक आधार पर देश और प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।”
इस कार्यक्रम में नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित रहने और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के झूठे वादों के खिलाफ संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता पार्टी के सिद्धांतों और संस्कारों का वाहक है, और पार्टी के कार्यालय विचारधारा के संवाहक और राष्ट्र सेवा का केंद्र हैं।