Hindi News » breaking-news » the last drop movie screening shimla

शिमला में ‘द लास्ट ड्रॉप’ की विशेष स्क्रीनिंग, मुख्यमंत्री सुक्खू ने फिल्म की सराहना की

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (शिमला) :  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार देर शाम अपने सरकारी आवास ओक ओवर में लघु फिल्म द लास्ट ड्रॉप’ की विशेष स्क्रीनिंग में भाग लिया। यह फिल्म ग्लेशियरों के पिघलने और जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर मुद्दों पर आधारित है और इसमें कौन बनेगा करोड़पति’ फेम अरुणोदय शर्मा ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म का निर्देशन डॉ. पारस प्रकाश ने किया है।

1 अगस्त को होगा फिल्म का आधिकारिक लॉन्च

25 मिनट की यह फिल्म 1 अगस्त को शिमला में आयोजित होने वाले द ग्रेट हिमालयन वॉटर फेस्टिवल के दौरान औपचारिक रूप से लॉन्च की जाएगी। फिल्म के माध्यम से जलवायु परिवर्तन पर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है, खासकर युवाओं के बीच।

मुख्यमंत्री ने जलवायु संकट पर जताई चिंता

मुख्यमंत्री सुक्खू ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि ग्लोबल वार्मिंग आज की सबसे गंभीर वैश्विक चुनौतियों में से एक है और इसके समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस संकट के दुष्प्रभावों को पहले ही झेल रहा है, और ऐसे में जलवायु परिवर्तन पर आधारित फिल्मों का निर्माण एक रचनात्मक और प्रभावशाली माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्राकृतिक आपदाओं से जनधन की हानि को कम करने के लिए अर्ली वॉर्निंग सिस्टम लागू कर रही है, ताकि रियल टाइम निगरानी, पूर्वानुमान और त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, अरुणोदय शर्मा के माता-पिता जगदीश शर्मा व ममता पॉल, और फिल्म निर्माण दल के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Topics: #ClimateChange #HimachalCM #KBCFame #ShimlaEvent #ShortFilm