skip to content

शिमला के धरोटी गांव में आग लगने से 9 घर जलकर हुए राख, पांच घरों को आंशिक नुक्सान

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (शिमला) : शनिवार आधी रात करीब 12: 30 बजे शिमला के उपमंडल रोहडू की तहसील  टिक्कर के धरोटी गाँव में एक मकान में अचानक आग लग गई। साथ लगते मकान भी लकड़ी के बने थे  इसलिए आग तेजी से फैल गई और एक दर्जन से अधिक घरों को अपनी चपेट में ले लिया । इन मकानों में 21 परिवार रहते थे। बताया जा रहा है की प्रदीप रांटा की चौथी मंजिल से शुरू हुई आग ने आसपास के कई घरों को देखते ही देखते अपनी चपेट में ले लिया  । हालाँकि, राहत की बात यह रही कि लोगों ने समय रहते अपनी जान बचाई नहीं होती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में नौ घर पूरी तरह से  जल गए और पांच घरों को आंशिक नुक्सान हुआ है  वहीं घटना ने 21 परिवारों को नुकसान पहुँचाया है।

राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू  ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि शिमला के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के टिक्कर/धरोटी गांव में देर रात लगी आग से कई घरों को नुकसान हुआ। भगवान का शुक्र है कि इस भीषण आग में कोई जान नहीं गई, लेकिन संपत्ति का बहुत नुकसान हुआ है।  पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने के लिए स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। उधर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने आज धरोटी गांव तहसील टिक्कर, उप मंडल रोहड़ू में गत रात हुए भीषण अग्निकांड स्थल का दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उल्लेखनीय है कि 02 सितम्बर 2023 की रात को हुई इस घटना में 9 कच्चे घर पूरी तरह जलकर राख हो गये, जबकि 5 कच्चे घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने दुखद घटना पर खेद जताया और कहा कि प्रदेश सरकार संकट की इस घडी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में 12 परिवार बेघर हो गए हैं और 9 परिवारों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि इन विस्थापित परिवारों के लिए रहने की व्यवस्था गांव में ही कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, सभी प्रभावित 21 परिवारों को तत्काल राहत के तौर पर 10,000 रुपये प्रति परिवार दिये गये हैं।

आदित्य नेगी ने बताया कि 12 विस्थापित परिवारों को प्रशासन द्वारा बिस्तर, कंबल, बर्तन, रसोई सेट, तरपाल  और सूखा राशन आदि सामान प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त, सभी 21 परिवारों को जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से हाइजीन किट, कंबल, तरपाल आदि उपलब्ध कराए गए हैं। इस दौरान उपमंडल दंडाधिकारी रोहड़ू सनी शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। ।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।