Hindi News » breaking-news » bhattiyat chamba suicide case kamladi village girdhari lal 2026

चलामा पंचायत के कमलाड़ी में व्यक्ति ने फंदा लगाकर की आत्महत्या; परिवार में छाया मातम

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (चुवाड़ी/भटियात) भूषण गुरूंग : चंबा जिला के भटियात क्षेत्र के अंतर्गत आती चलामा पंचायत के कमलाड़ी गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ किराए के कमरे में रहने वाले एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने लैंटर के बाहर निकले सरिए से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस आत्मघाती कदम से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिस्त्री का काम करता था मृतक

मृतक की पहचान गिरधारी लाल (52), निवासी गांव नडीनाल (ग्राम पंचायत गढाना) के रूप में हुई है। गिरधारी पेशे से मिस्त्री था और काम के सिलसिले में पिछले काफी समय से कमलाड़ी में किराए का कमरा लेकर रह रहा था।

पत्नी की अनुपस्थिति में हुई घटना

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह गिरधारी की पत्नी किसी निजी काम से बकलोह क्षेत्र गई हुई थी। इसी बीच सुबह करीब 11:00 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने गिरधारी को कमरे के बाहर सरिए से लटका हुआ देखा। आनन-फानन में ग्रामीणों और पूर्व प्रधान ने पुलिस को सूचित किया। हालांकि, ग्रामीणों ने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा ताकि अस्पताल ले जाकर उसकी जान बचाई जा सके, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

इकलौता बेटा नाना के घर था मौजूद

हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि गिरधारी का इकलौता बेटा इस समय घर पर नहीं था। वह अपनी जमा दो (12वीं) की परीक्षा देने के बाद पठानकोट स्थित अपने नाना के घर गया हुआ था। घर के मुखिया द्वारा उठाए गए इस कदम से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

एस.पी. चंबा, विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को नागरिक अस्पताल चुवाड़ी में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि गिरधारी ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, क्योंकि अभी तक कोई सुसाइड नोट या ठोस कारण सामने नहीं आया है।

Topics: Bhattiyat News Chamba Crime Chuwari Police Dalhousie Hulchul. Himachal news Kamladi Village SP Vijay Saklani Suicide Case