शिक्षा और समाज सेवा की मिसाल: सुमन पठानिया को ‘बेस्ट टीचर’ का अवार्ड

Dalhousie Hulchul
सुमन पठानिया

डलहौज़ी हलचल (चुवाड़ी ) भूषण गुरंग : जिला स्तर पर उत्कृष्ट अध्यापन और शिक्षण सामग्री के लिए 2023-2024 में डाइट सरू द्वारा चुवाड़ी की केमिस्ट्री शिक्षिका सुमन पठानिया को ‘बेस्ट टीचर‘ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी शिक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय सेवाओं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए दिया गया।

सुमन पठानिया न केवल अपने स्कूल में, बल्कि उन स्कूलों के छात्रों को भी ऑनलाइन शिक्षा प्रदान करती हैं, जहाँ केमिस्ट्री विषय के शिक्षकों के पद खाली हैं। इससे क्षेत्र के छात्रों को उनकी पढ़ाई में मदद मिल रही है, और वे अच्छे परिणाम हासिल कर रहे हैं।

पूर्व सम्मान और सराहना

यह पहली बार नहीं है जब सुमन पठानिया को सम्मानित किया गया है। पूर्व फॉरेस्ट मंत्री राकेश पठानिया ने उन्हें गणतंत्र दिवस के अवसर पर विशेष सम्मान से नवाज़ा था, और चंबा में मंत्री यादविंद्र गोमा ने भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सराहना की थी।

समाज सेवा में योगदान

शिक्षण के अलावा, सुमन पठानिया समाज सेवा में भी सक्रिय रूप से भाग लेती हैं। वह गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहती हैं, जिससे समाज में उनकी एक अलग पहचान बनी हुई है। उनके इन समर्पित कार्यों के चलते क्षेत्र के लोग भी उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहे हैं।

सुमन पठानिया की ये उपलब्धियाँ न केवल शिक्षण जगत में, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी एक प्रेरणा का स्रोत हैं, जिससे अन्य लोग भी प्रेरित हो रहे हैं।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।