skip to content

धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगीत महोत्सव का आयोजन: स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (धर्मशाला): धर्मशाला के पुलिस मैदान में आगामी संगीत महोत्सव का आयोजन अंतरराष्ट्रीय महोत्सवों, जैसे टूमॉरो लैंड और सनबर्न की तर्ज पर किया जा रहा है। इस आयोजन के पीछे बीइंगयू के संस्थापक गुरजोत सिंह और उनकी टीम हैं, जो प्रसिद्ध वार्नर म्यूजिक के सहयोग से इस महोत्सव को आयोजित करने जा रहे हैं।

इस महोत्सव का उद्देश्य संगीत, स्थिरता, स्वास्थ्य, और हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाना है। इस कार्यक्रम में न केवल विश्वस्तरीय संगीत प्रदर्शन होंगे, बल्कि पर्यावरण कार्यशालाएं, रिट्रीट, और सांस्कृतिक प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया जाएगा, जो हिमाचल के पर्यटन को एक नई दिशा देंगे।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महोत्सव के आयोजक गुरजोत सिंह से विशेष मुलाकात के दौरान इस कार्यक्रम की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। श्री सुक्खू ने कहा कि इस तरह के महोत्सवों से धर्मशाला में बड़ी संख्या में पर्यटकों का आगमन होगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। होटल व्यवसायी, रेस्तरां मालिक और अन्य स्थानीय व्यापारी भी इसका लाभ उठा सकेंगे।

स्थानीय व्यापारियों और छोटे व्यवसायों को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महोत्सव से धर्मशाला के होटल, रेस्तरां, और अन्य स्थानीय व्यवसायों को आर्थिक लाभ मिलेगा। पर्यटन बढ़ने से स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और व्यापारिक गतिविधियों में भी इजाफा होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार गोकुल बुटेल भी उपस्थित थे, जो नवाचार और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अहम योगदान दे रहे हैं।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।