Hindi News » breaking-news » preparations for independence day

डलहौज़ी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज़, एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (डलहौज़ी) : स्वतंत्रता दिवस 2025 के उपलक्ष्य में डलहौज़ी उपमंडल में तैयारियां ज़ोरों पर हैं। सोमवार को एसडीएम अनिल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों, स्थानीय स्कूलों, होटल एसोसिएशन, और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सुभाष चौक में होगी  देशभक्ति प्रस्तुतियों की धूम

एसडीएम अनिल भारद्वाज ने जानकारी दी कि इस वर्ष का मुख्य समारोह डलहौज़ी के ऐतिहासिक सुभाष चौक में भव्यता से आयोजित किया जाएगा। स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गाथा को जीवंत करेंगे। इसके साथ ही नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु बच्चों की एक रैली भी निकाली जाएगी।

“एक पेड़ माँ के नाम”: पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ होगा पौधारोपण

14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक विशेष कार्यक्रम “पेड़ माँ के नाम” के तहत पौधारोपण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और हरियाली को बढ़ावा देना है।
पौधारोपण के साथ-साथ स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

मैराथन दौड़ में दिखेगा जोश, तीन आयु वर्गों में होगी स्पर्धा

इसी दिन एक मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जो सुभाष बावली से शुरू होकर गांधी चौक पर समाप्त होगी। दौड़ को तीन आयु वर्गों—0 से 16 वर्ष, 16 से 40 वर्ष, और 40 वर्ष से अधिक—में विभाजित किया गया है। विजेता प्रतिभागियों को 15 अगस्त को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। एसडीएम ने डलहौज़ी के नागरिकों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।