कांगड़ा में जिला स्तरीय निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिताएं आयोजित, 259 विद्यार्थियों ने लिया भाग
कांगड़ा में जिला स्तरीय निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिताएं आयोजित, 259 विद्यार्थियों ने लिया भाग
15 विधानसभा क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा विजेताओं का चयन
धर्मशाला, 17 नवंबर। युवाओं और भावी मतदाताओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदान के अधिकार एवं महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को बीएड कॉलेज धर्मशाला में जिला स्तरीय निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में जिले के सभी 15 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से आयोजित इन प्रतियोगिताओं की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की गई। सबसे पहले विभिन्न शिक्षण संस्थानों में संस्थान स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके बाद उपमंडल स्तर पर मुकाबले करवाए गए, जिनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
280 चयनित विद्यार्थियों में से 259 ने लिया हिस्सा
जिला स्तर पर आयोजित दोनों प्रतियोगिताओं के लिए कुल 280 विद्यार्थियों का चयन किया गया था, जिनमें से 259 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इनमें निबंध लेखन प्रतियोगिता में 131 और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 128 विद्यार्थी शामिल हुए।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को निर्वाचन एवं लोकतंत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ मतदाता सूची की शुद्धता, समावेशिता और विश्वसनीयता के महत्व से अवगत करवाना था।
वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की निर्वाचन प्रणाली के प्रति जानकारी और समझ का आकलन किया गया।

20 नवंबर से पहले घोषित होंगे परिणाम
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। परिणाम एवं विजेताओं की जानकारी 20 नवंबर से पहले संबंधित विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों को उपलब्ध करवा दी जाएगी। जिला स्तर पर चयनित विजेताओं को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिताओं की उत्तर पुस्तिकाओं एवं अन्य मूल्यांकन कार्य की जिम्मेदारी डॉ. अभ्युदिता गौतम सिंघा, डॉ. राज भगती, प्रो. लेखराज ठाकुर और डॉ. मधु बाला को सौंपी गई है।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी समझ विकसित करने तथा भविष्य में जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
