ऊना में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, 100 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
ऊना, 17 नवंबर। विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रिया और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को बचत भवन ऊना में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से करीब 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने की।
निबंध प्रतियोगिता में मतदाता सूची और मतदान के महत्व पर रखे विचार
निबंध प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय दिए गए थे। विद्यार्थियों ने इन विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के महत्व को रेखांकित किया।
वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित सवाल पूछे गए। विद्यार्थियों ने अपनी चुनावी समझ और सामान्य ज्ञान का प्रदर्शन किया।
जागरूक नागरिकों की भागीदारी से मजबूत होता है लोकतंत्र : इशांत जसवाल
अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिकों की भागीदारी से सुनिश्चित होती है। युवाओं को शुरुआती स्तर से ही चुनावी प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी देना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी समझदारी और जिम्मेदारी के साथ कर सकें।
उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों की चुनावी समझ, तार्किक क्षमता और विचार अभिव्यक्ति को बढ़ावा मिलता है। साथ ही उनमें लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता भी विकसित होती है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ऊना का प्रतिनिधित्व करेंगे 20 विद्यार्थी
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के प्रदर्शन का निर्धारित मापदंडों के आधार पर जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति द्वारा आकलन किया जाएगा। इसके बाद निबंध प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अलग-अलग शीर्ष 10-10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
इस प्रकार कुल 20 चयनित विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला ऊना का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन सुमन कपूर, नायब तहसीलदार अजय शर्मा, जिला भाषा अधिकारी निक्कू राम, अनुभाग अधिकारी डाइट कश्मीर सिंह, डिप्टी डायरेक्टर क्वालिटी एजुकेशन नीरज गर्ग, राजपाल राणा, लेक्चरर इंग्लिश तरुणा कालिया और लेक्चरर हिंदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
