मंडी के लडभड़ोल में दर्दनाक सड़क हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; छह युवकों की मौत
डलहौज़ी हलचल (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई। लडभड़ोल बाजार में पेट्रोल पंप के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की उम्र 16 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी युवक एक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सभी युवक सिमस में आयोजित एक समारोह में शामिल होने के बाद कार से वापस लौट रहे थे। मंगलवार देर रात लडभड़ोल बाजार में पेट्रोल पंप के पास अचानक कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए। रात के समय दुर्घटना का पता नहीं चल पाया।
बुधवार दोपहर चला हादसे का पता
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद युवकों का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। बुधवार दोपहर तक जब उनका पता नहीं चला तो दुर्घटना की जानकारी सामने आई। इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर लडभड़ोल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शवों को खाई से बाहर निकलवाया और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पांच मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले छह युवकों में से पांच की पहचान हो गई है। मृतकों की पहचान यश पुत्र राम लाल निवासी सिमस, आयुष (19) पुत्र विनोद कुमार निवासी सिमस, पंकज पुत्र पराक्रम निवासी गवाला, आदित्य (18) पुत्र अजय कुमार निवासी बलोह और अर्नव पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी बलोह के रूप में हुई है। छठे युवक की पहचान की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
