21 नवंबर से बंद होंगे श्री देव कमरूनाग मंदिर के फाटक, शिकारी देवी मार्ग पर भी प्रतिबंध
डलहौज़ी हलचल (गोहर)। मंडी जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री देव कमरूनाग मंदिर के फाटक 21 नवंबर, 2026 से आगामी आदेशों तक बंद रहेंगे। सर्दियों में भारी बर्फबारी और अत्यधिक ठंड की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र के साथ-साथ देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है।
उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर देवीराम ने बताया कि आगामी शीतकालीन मौसम के दौरान उपमंडल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अत्यधिक ठंड और भारी बर्फबारी होने की संभावना है। विशेष रूप से श्री देव कमरूनाग मंदिर क्षेत्र तथा देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर बर्फबारी के कारण रास्ते अवरुद्ध होने, फिसलन बढ़ने और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
21 नवंबर से मंदिर के फाटक आगामी आदेशों तक बंद
एसडीएम ने बताया कि प्रतिकूल मौसम के दौरान इन दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन करना लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 21 नवंबर, 2026 से श्री देव कमरूनाग मंदिर का फाटक आगामी आदेशों तक पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
इसके साथ ही देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर आम जनता, श्रद्धालुओं, पर्यटकों, ट्रैकर्स और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले अन्य व्यक्तियों की आवाजाही भी पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
आदेशों की अवहेलना पर हो सकती है कानूनी कार्रवाई
देवीराम ने स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों और ट्रैकर्स से प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा इन क्षेत्रों की यात्रा से यथासंभव बचने की अपील की है। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, होटल संचालकों और टैक्सी ऑपरेटरों से भी इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई पर्यटक, ट्रैकर अथवा स्थानीय निवासी प्रतिबंधित मार्गों में प्रवेश कर प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश जनहित और आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में लोग पुलिस थाना गोहर के दूरभाष नंबर 01907-250228 अथवा उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर के नंबर 01907-250262 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने आमजन और सैलानियों से अपील की है कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें और जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।भारी बर्फबारी की आशंका के चलते 21 नवंबर से बंद होने जा रहा श्री देव कमरूनाग मंदिर
