आईटीआई मंडी में निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिता, 200 प्रतिभागियों ने लिया भाग
डलहौज़ी हलचल (मंडी)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मंडी में जिला स्तरीय निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रम के तहत निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में जिला मंडी के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10-10 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इन प्रतिभागियों का चयन विधानसभा क्षेत्र स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। जिला स्तरीय मुकाबले में 100 प्रतिभागियों ने निबंध लेखन और 100 प्रतिभागियों ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एसडीएम चंद्र प्रकाश ने किया प्रतिभागियों को प्रेरित
कार्यक्रम में एसडीएम सदर मंडी (ना.) चंद्र प्रकाश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि निर्वाचन तहसीलदार राजेश शर्मा ने प्रतियोगिता समन्वयक की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर एसडीएम चंद्र प्रकाश ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को अपने मताधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया और उससे जुड़ी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवाओं में निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना, मतदाता शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
एसडीएम ने प्रतिभागियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा भविष्य में जागरूक और जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
सभी प्रतिभागियों को दिए प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के समापन पर एसडीएम सदर चंद्र प्रकाश ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी, निर्वाचन नायब तहसीलदार सुनील जोशी, निर्वाचन नायब तहसीलदार अरविन्द मिन्हास, आईटीआई मंडी के प्रधानाचार्य अजेश कुमार सहित विभिन्न महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
