बनीखेत मेले में कुमार साहिल ने मचाया धमाल, देर रात तक पहाड़ी-पंजाबी गीतों पर थिरकते रहे लोग
पहली सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां
डलहौज़ी हलचल | बनीखेत (चंबा)
नगर पंचायत बनीखेत के पधर चौगान मैदान में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय आषाढ़ नाग देवता मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने देर रात तक पहाड़ी और पंजाबी गीतों का आनंद लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्टार कलाकार कुमार साहिल रहे, जिन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों से पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया।

पूर्व मंत्री आशा कुमारी ने किया सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ
कार्यक्रम में पूर्व शिक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री आशा कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम डलहौज़ी अनिल भारद्वाज ने मुख्य अतिथि को शॉल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

‘मेरा भोला है भंडारी’ से की प्रस्तुति की शुरुआत
स्टार कलाकार कुमार साहिल ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत भूरू नाग देवता के जयकारों और प्रसिद्ध भजन ‘मेरा भोला है भंडारी’ से की। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
‘गड्डी बिच बेस चलदा मित्रा’ पर झूम उठा पंडाल
कुमार साहिल ने ‘मेनू पता बस लारे हां’, ‘गड्डी बिच बेस चलदा मित्रा’, ‘डायमंड दे नाल तोल दा जीना तेरा भार’, ‘जीने मेरा दिल लुटेया’, ‘रूत संगडोड़ी वो’, ‘चली आई मेरेया प्यारूआ’ और ‘बत्ता जांदे सिटी मारदे’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया।
उनके गीतों पर युवा, महिलाएं और बच्चे देर रात तक झूमते नजर आए।

स्थानीय कलाकारों ने भी बिखेरा प्रतिभा का रंग
कार्यक्रम में काकू राम ठाकुर, जितेंद्र पंकज शर्मा ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके अलावा राजिंदर वर्मा, आशीष कुमार, इंदरजीत, नरेश, श्वेता, मनीषा चोपड़ा, पंडित अवतार सिंह एंड पार्टी तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने भरपूर सराहा।

आज दूसरी सांस्कृतिक संध्या में बैनेट दोसांझ करेंगे प्रस्तुति
आषाढ़ नाग देवता मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी कलाकार बैनेट दोसांझ अपनी प्रस्तुति देंगे। उनके साथ सीमा भारद्वाज, राजिंदर ठाकुर, स्वाति भारद्वाज, ऋषिका कपूर, प्रवीण शहजादा, रोहित वोहरा, देविंदर शर्मा, चमन सोनी, विशाल, अभिमन्यु, नवीन कुमार, लक्की ठाकुर, जॉनी ठाकुर, मुश्ताक खान, अनमोल तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मेला समिति को उम्मीद है कि दूसरी सांस्कृतिक संध्या में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद लेंगे।
धार्मिक आस्था और संस्कृति का संगम बना मेला
आषाढ़ नाग देवता मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख आयोजन माना जाता है। मेले के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ लोक संस्कृति, संगीत और कला को भी मंच प्रदान किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिल रही है।
