मंडी के DFO डॉ. संजीव शर्मा को राष्ट्रीय ‘ईंको वारियर अवॉर्ड-2026’, वन संरक्षण में योगदान के लिए मिला सम्मान
डलहौज़ी हलचल, मंडी। वन संरक्षण, वन प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मंडी के उप वन संरक्षक (DFO) डॉ. संजीव शर्मा को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ‘ईंको वारियर अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन के रंग भवन सभागार में आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने डॉ. संजीव शर्मा को यह सम्मान प्रदान किया।
राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए हिमाचल प्रदेश के एक वन अधिकारी का चयन प्रदेश के वन विभाग के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। बिलासपुर जिले के घुमारवीं निवासी डॉ. संजीव शर्मा वर्तमान में मंडी वन मंडल में उप वन संरक्षक के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
वन संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन में योगदान के लिए मिला सम्मान
डॉ. संजीव शर्मा के वन संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए कार्यों, विभागीय परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, वन संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़े प्रयासों को देखते हुए उनका चयन इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए किया गया है। उनके चयन की सूचना इंडियन फॉरेस्ट सर्विस एसोसिएशन की केंद्रीय इकाई, नई दिल्ली की ओर से जारी की गई थी।
डॉ. संजीव शर्मा ने वन विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए वन संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य किया है। वह इससे पहले पालमपुर में भी डीएफओ के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
राजेश धर्माणी ने दी बधाई
डॉ. संजीव शर्मा को राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर हिमाचल प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं घुमारवीं के विधायक राजेश धर्माणी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि डॉ. संजीव शर्मा के साथ-साथ घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि डॉ. संजीव शर्मा ने अपने समर्पित कार्यों के माध्यम से वन विभाग और हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
