पांगी पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा, शक्ति कुमार अध्यक्ष और मान सिंह उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

पांगी पंचायत समिति के अध्यक्ष पद पर शक्ति कुमार और उपाध्यक्ष पद पर मान सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। भाजपा समर्थित 13 सदस्यों की जीत के बाद किलाड़ में जश्न मनाया गया।
पांगी पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा, शक्ति कुमार अध्यक्ष और मान सिंह उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

डलहौज़ी हलचल (पांगी/किलाड़) :  जनजातीय क्षेत्र पांगी की पंचायत समिति पर भाजपा समर्थित सदस्यों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। मंगलवार को मिनी सचिवालय किलाड़ के सभागार में आयोजित चुनाव में भाजपा समर्थित शक्ति कुमार अध्यक्ष और मान सिंह उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।

पंचायत समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया था। पंचायत कोठी (करयुणी) से पंचायत समिति सदस्य शक्ति कुमार ने अध्यक्ष पद के लिए, जबकि पंचायत सेचू से सदस्य मान सिंह ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।

निर्धारित अवधि के दौरान अन्य कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं होने के कारण दोनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

15 सदस्यीय पंचायत समिति में भाजपा के 13 समर्थित सदस्य

गौरतलब है कि 15 सदस्यीय पंचायत समिति पांगी में भाजपा समर्थित 13 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। इसी बहुमत के आधार पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

दोनों पदों पर आम सहमति बनाने और पंचायत समिति सदस्यों को एकजुट रखने के लिए भाजपा जिला प्रभारी डा. विपिन सिंह परमार सोमवार को ही पांगी पहुंच गए थे।

किलाड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

शक्ति कुमार और मान सिंह के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने किलाड़ में जश्न मनाया। भाजपा जिला प्रभारी डा. विपिन सिंह परमार और भरमौर-पांगी के विधायक डा. जनक राज की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने घाटी मुख्यालय किलाड़ में रैली निकाली और जीत की खुशी साझा की।

विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका की उम्मीद

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष शक्ति कुमार और उपाध्यक्ष मान सिंह को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पंचायत समिति के प्रभावी संचालन के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के सामने अब पंचायत समिति के माध्यम से पांगी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीण स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी होगी।

विज्ञापन