भित छिंज मेले में गूंजे दांव-पेच, बिट्टू पठानकोट बने बड़ी माली के विजेता, मीनाक्षी कपूर ने दिए ₹11 हजार
डलहौज़ी हलचल | भटियात (चंबा)
भटियात क्षेत्र के भित स्थित तलाई मैदान में रविवार, 12 जुलाई 2026 को पारंपरिक छिंज मेले का आयोजन उत्साह, उमंग और पारंपरिक संस्कृति के साथ संपन्न हुआ। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने भाग लेकर रोमांचक कुश्ती मुकाबलों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में जियूंता वार्ड की जिला परिषद सदस्य श्रीमती मीनाक्षी कपूर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं बलेरा पंचायत के उपप्रधान मंजीत भारद्वाज और पवन ठाकुर सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
मुख्य अतिथि मीनाक्षी कपूर ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं के प्रतीक हैं तथा नई पीढ़ी द्वारा इन्हें आगे बढ़ाना बेहद सुखद और प्रेरणादायक है।
उन्होंने मेला कमेटी को अपनी ऐच्छिक निधि से 11,000 रुपये देने की घोषणा भी की।
अतिथियों ने भी दिया सहयोग
सम्मानित अतिथि पवन ठाकुर ने मेले में पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुति देने वाली पंजाब से आई ढोली टीम को प्रायोजित किया। वहीं मंजीत भारद्वाज ने मेला आयोजन के लिए 3,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
बिट्टू पठानकोट बने बड़ी माली के विजेता
छिंज मेले के मुख्य आकर्षण कुश्ती मुकाबलों में बिट्टू पठानकोट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सैफ अली पठानकोट को हराकर बड़ी माली अपने नाम की।
वहीं छोटी माली के मुकाबले में अजय बाथरी ने काका जियूंता को पराजित कर खिताब जीता। छोटी माली की पुरस्कार राशि 7,100 रुपये भित निवासी सुनील शर्मा की ओर से प्रदान की गई।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे गणमान्य लोग
इस अवसर पर प्रवीण टंडन के पिता मदन लाल, मेला कमेटी के प्रधान कुलदीप, संयोजक रणजीत शर्मा, रमेश, सोम दत्त, कांशी राम, काका राम, सुनील कुमार, किशोरी लाल, मनीष कुमार, अमर सिंह, राम लाल, सोनू कुमार, नरेंद्र कुमार, केवल कुमार, भीम सेन सहित मेला कमेटी के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
