चंबा को मिलेंगी 15 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें, सड़क सुरक्षा के लिए 5 करोड़: मुकेश अग्निहोत्री
डलहौज़ी हलचल | चंबा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने चंबा के लिए 15 नई इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि चंबा में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एचआरटीसी के बेड़े में 1,000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
हिमाचल के 7.19 प्रतिशत हिस्से का मामला सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत हिमाचल प्रदेश के 7.19 प्रतिशत हिस्से से जुड़े मामले के सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में पहुंचने की बात कहते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश को उसका उचित हिस्सा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के हितों से जुड़े मामलों को सरकार मजबूती से उठा रही है और प्रदेश के अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चंबा बनेगा पायलट जिला
चंबा में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने जिले को सड़क सुरक्षा के लिए पायलट जिला बनाने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा उपायों के लिए 5 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। डेटा आधारित तकनीक और वैज्ञानिक उपायों को अपनाकर दुर्घटनाओं तथा उनमें होने वाली मौतों को न्यूनतम करने का प्रयास किया जाएगा।
चंबा-चुवाड़ी के बीच प्रस्तावित 14.816 किलोमीटर सुरंग
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चंबा के विकास के लिए सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चंबा-चुवाड़ी के बीच 14.816 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण करीब 4,594 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। सुरंग बनने से दोनों स्थानों के बीच सड़क दूरी लगभग 26 किलोमीटर कम होने की उम्मीद है।
यह परियोजना चंबा की कनेक्टिविटी, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध सरकार
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही सरकार ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने का निर्णय लिया, जिससे करीब 1.36 लाख कर्मचारियों को लाभ मिला।
उन्होंने निगमों और बोर्डों के ओपीएस से वंचित कर्मचारियों को भी भरोसा दिलाया कि उन्हें इसका लाभ देने की दिशा में सरकार महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।
आत्मनिर्भर और नशामुक्त हिमाचल बनाने का आह्वान
मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना है।
उन्होंने लोगों से विकास, सामाजिक न्याय और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
समारोह में पूर्व मंत्री आशा कुमारी और ठाकुर सिंह भरमौरी, विधायक नीरज नैयर सहित अन्य गणमान्य अतिथि तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
