चंबा में अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस पर दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
डलहौज़ी हलचल | चंबा
अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस तथा एंटी चिट्टा दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय चंबा में नशा मुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण तथा मादक पदार्थों के सेवन और अवैध तस्करी के विरुद्ध सक्रिय रूप से कार्य करने की शपथ दिलाई।
युवाओं को नशे से बचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता
इस अवसर पर डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुका है, जिसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इनके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नशा उन्मूलन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और समाज को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सामूहिक भागीदारी से ही बनेगा नशा मुक्त समाज
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि नशे की रोकथाम केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज, परिवार, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सामूहिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज में भी स्वस्थ, सकारात्मक और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा दें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सके।
