चंबा में 37.23 ग्राम चिट्टा बरामद, युवक गिरफ्तार; 5 लाख रुपये तक आंकी गई कीमत
डलहौज़ी हलचल | चंबा
चंबा जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने एक युवक के कब्जे से 37.23 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।
सुंगल के पास गश्त के दौरान हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार विशेष अन्वेषण इकाई की टीम इंस्पेक्टर गगनदीप और मुख्य आरक्षी योगराज के नेतृत्व में सुंगल क्षेत्र के समीप गश्त पर थी। इसी दौरान सामने से आ रहा एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और संदिग्ध गतिविधियां करने लगा।
युवक की हरकतों पर संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 37.23 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
कंदला निवासी युवक की हुई पहचान
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान गगन कुमार निवासी गांव एवं डाकघर कंदला, तहसील और जिला चंबा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर चंबा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
नशे के नेटवर्क को लेकर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने चिट्टा कहां से खरीदा था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में नशा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसपी चंबा ने की मामले की पुष्टि
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।