चंबा में 638 नवनिर्वाचित प्रधान-उपप्रधानों ने ली शपथ, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दिया विकास का संदेश
डलहौज़ी हलचल | चंबा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित भव्य समारोह के दौरान पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिनिधियों को संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
लोकतंत्र की मूलभूत इकाई हैं पंचायतें
विधानसभा अध्यक्ष ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण और मूलभूत इकाई हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे सभी वर्गों के लोगों के विकास और कल्याण के लिए समान भाव से कार्य करें तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखें।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रतिनिधि समर्पण, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिला चंबा को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पंचायतों को मिल रहे हैं पर्याप्त संसाधन
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि पंचायतों के विकास कार्यों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का पूरा सहयोग मिलेगा, जिससे ग्रामीण विकास को और अधिक गति प्रदान की जा सके।
गुणवत्ता आधारित विकास कार्यों पर दें विशेष ध्यान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से समाज के कमजोर, गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता देने तथा जनहित के कार्यों को निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

2581 पदों के लिए हुआ था चुनाव
जिला चंबा में पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत कुल 2581 पदों के लिए मतदान कराया गया था। इनमें 319 प्रधान, 319 उपप्रधान, 135 पंचायत समिति सदस्य, 18 जिला परिषद सदस्य और 1791 वार्ड सदस्य पद शामिल थे। चुनावी मैदान में लगभग 8000 वैध उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई।
जिले में चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए लगभग 4000 कर्मचारियों तथा 990 पुलिस एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई थी।
4 लाख से अधिक मतदाताओं ने निभाई लोकतांत्रिक जिम्मेदारी
जिला चंबा में कुल 4,07,829 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 2,06,570 पुरुष और 2,01,283 महिला मतदाता शामिल रहे। विकास खंडवार पंचायतों की संख्या में भरमौर की 31, भटियात की 71, चंबा की 47, मैहला की 52, पांगी की 19, सलूणी की 46 तथा तीसा की 53 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
412 प्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए
पंचायती राज चुनावों में जिले की 4 पंचायतों के प्रधान, 7 उपप्रधान, 1 पंचायत समिति सदस्य तथा 400 वार्ड सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस प्रकार कुल 412 प्रतिनिधि बिना मुकाबले के चुने गए, जो जिले में लोकतांत्रिक सहमति और सामाजिक समरसता का एक सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. जनक राज, डी.एस. ठाकुर, ललित ठाकुर, दिलदार अली वट्ट, सुरजीत भरमौरी, यशवंत खन्ना, कार्यवाहक उपायुक्त अमित मैहरा तथा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
