चंबा में शुरू हुआ पल्स पोलियो अभियान, 542 बूथों पर 5 साल तक के बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
डलहौज़ी हलचल | चंबा
राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान (IPPI) के अंतर्गत रविवार को जिला चंबा में अभियान का शुभारंभ उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
जिले में 50,759 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले में 50,759 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 542 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें 12 शहरी बूथ भी शामिल हैं।
यात्रियों और प्रवासी परिवारों के लिए बनाए गए ट्रांजिट प्वाइंट
उन्होंने बताया कि यात्रियों एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों तक भी पोलियो की खुराक पहुंचाने के उद्देश्य से 3 ट्रांजिट प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। ये ट्रांजिट प्वाइंट चंबा बस स्टैंड, समोट बस स्टैंड और तुनुहट्टी चेक पोस्ट पर बनाए गए हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
1,800 से अधिक स्वास्थ्य कर्मी अभियान में जुटे
डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के लगभग 1,800 अधिकारी एवं कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य सहयोगी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से आग्रह किया कि यदि किसी कारणवश उनका बच्चा पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच पाता है, तो वे स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क कर उसे अवश्य पोलियो की खुराक दिलवाएं। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाना ही जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
