चंबा मेडिकल कॉलेज को मिली बड़ी सौगात, 3 टेस्ला एमआरआई मशीन, 20 आईसीयू बेड और 40 स्टाफ नर्सों की घोषणा

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंबा मेडिकल कॉलेज में 3 टेस्ला एमआरआई मशीन, 20 आईसीयू बेड और 40 स्टाफ नर्सों की तैनाती की घोषणा की।
चंबा मेडिकल कॉलेज को मिली बड़ी सौगात, 3 टेस्ला एमआरआई मशीन, 20 आईसीयू बेड और 40 स्टाफ नर्सों की घोषणा

डलहौज़ी हलचल | चंबा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने संस्थान में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया।

मेडिकल कॉलेज में लगेंगी अत्याधुनिक मशीनें

मुख्यमंत्री ने चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में नई एक्स-रे मशीन, आधुनिक लेप्रोस्कोपिक उपकरण, सीटी स्कैन मशीन और अत्याधुनिक तकनीक से लैस 3 टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली की तर्ज पर इन सुविधाओं को विकसित किया जाएगा, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

फैकल्टी को मजबूत करने के लिए नियमों में मिलेगी छूट

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों और शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए आवश्यकतानुसार नियमों में छूट दी जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को 20 नए आईसीयू बेड स्थापित करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

40 स्टाफ नर्सों की होगी नियुक्ति

मुख्यमंत्री ने अगले दस दिनों के भीतर चिकित्सा महाविद्यालय में 40 स्टाफ नर्सों की नियुक्ति करने की घोषणा की। इसके अलावा रेडियोग्राफर और अन्य तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

विदेशों में प्रशिक्षण पर भेजे जाएंगे चिकित्सक

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सकों को विदेशों में प्रशिक्षण और अध्ययन के लिए भेजने की योजना पर भी विचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा प्रणालियों और नई तकनीकों का अनुभव प्राप्त होगा, जिसका लाभ प्रदेश के मरीजों को मिलेगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र पर खर्च किए जा रहे हैं तीन हजार करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगभग तीन हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से स्वास्थ्य पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में कार्डियोलॉजी विभाग की स्थापना की जा चुकी है। इसके अलावा सीनियर रेजिडेंट (एसआर) के 23 पद और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) के 28 पद भी स्वीकृत किए गए हैं।

छात्रावास निर्माण के लिए जारी किए गए 18.98 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा में सीनियर रेजिडेंट छात्रावास के निर्माण के लिए 18.98 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा पीजी और एसआर चिकित्सकों के स्टाइपेंड में भी बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में वर्ष के अंत तक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, हरदीप बावा और डी.एस. ठाकुर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी और चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विज्ञापन