अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने ओलंपिक मैराथन को दिखाई हरी झंडी, खिलाड़ियों को दिया बड़ा संदेश

खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी! ओलंपिक स्वर्ण विजेताओं को मिलेंगे 5 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने की घोषणा
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने ओलंपिक मैराथन को दिखाई हरी झंडी, खिलाड़ियों को दिया बड़ा संदेश

मुख्यमंत्री ने ओलंपिक मैराथन को दिखाई हरी झंडी

डलहौज़ी हलचल | शिमला

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ से ओलंपिक मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन सीटीओ मार्ग से होते हुए इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के लगभग 200 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है प्रदेश सरकार

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल भी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण स्वरूप हैं और जिस प्रकार विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, उसी प्रकार खिलाड़ियों को भी खेलों में उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करना चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस

हिमाचल में विकसित हो रहा आधुनिक खेल ढांचा

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार हिमाचल में ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना और हमीरपुर जिलों में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ किया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि हमीरपुर जिले के नादौन में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से खेल उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) स्थापित किया जा रहा है, जिसके इस वर्ष अक्टूबर तक पूरा होने की संभावना है।

युवाओं से नशा विरोधी अभियान में सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से राज्य सरकार के नशा विरोधी अभियान का सक्रिय समर्थन करने और नशामुक्त तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस

खिलाड़ियों के लिए बढ़ाई गई पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है।

नई पुरस्कार राशि इस प्रकार होगी:

  • ओलंपिक, पैरालंपिक और शीतकालीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता को अब 5 करोड़ रुपये मिलेंगे (पहले 3 करोड़ रुपये)।
  • एशियाई खेलों और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को 4 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे।
  • राष्ट्रमंडल खेलों और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह, हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव राजेश शांडिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विज्ञापन