चुराह के पुखरी पहुंचे डीसी मुकेश रेपसवाल, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी और उप तहसील भवन निर्माण को लेकर दिए अहम निर्देश

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने चुराह के पुखरी में विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और प्रस्तावित उप तहसील भवन का निरीक्षण किया। विद्यालय में शौचालय मरम्मत और सुरक्षा दीवार निर्माण के निर्देश दिए।
चुराह के पुखरी पहुंचे डीसी मुकेश रेपसवाल, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी और उप तहसील भवन निर्माण को लेकर दिए अहम निर्देश

डलहौज़ी हलचल | चंबा

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने मंगलवार को चुराह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुखरी का दौरा कर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र तथा प्रस्तावित उप तहसील कार्यालय भवन के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

विद्यालय में अतिरिक्त भवन, शौचालय और सुरक्षा दीवार पर दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुखरी में प्रस्तावित अतिरिक्त भवन निर्माण स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के शौचालयों की मरम्मत तथा सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

विद्यार्थियों से किया संवाद, लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की दी सीख

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का दौरा कर विद्यार्थियों से शिक्षा की गुणवत्ता, पठन-पाठन और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बातचीत की। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय चौहान ने उपायुक्त को विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए संचालित विभिन्न नवाचारों और बहुआयामी गतिविधियों की जानकारी भी दी।

आंगनबाड़ी भवन के बेहतर उपयोग और उप तहसील भवन निर्माण पर जोर

दौरे के दौरान उपायुक्त ने प्राथमिक पाठशाला परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के रिक्त भवन का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रस्तावित उप तहसील कार्यालय भवन निर्माण के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान पंचायत प्रधान मंगेश ठाकुर, जिला विकास अधिकारी तविन्द्र चिनोरिया, सहायक अभियंता संजीव अत्री, खंड विकास अधिकारी महेश ठाकुर, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन