चंबा कॉलेज में नए विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, 400 छात्रों को NEP-2020, स्कॉलरशिप और करियर के दिए गए टिप्स

राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय चंबा में बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित हुआ। छात्रों को NEP-2020, छात्रवृत्ति योजनाओं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी गई।
चंबा कॉलेज में नए विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, 400 छात्रों को NEP-2020, स्कॉलरशिप और करियर के दिए गए टिप्स

डलहौज़ी हलचल | चंबा

राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय चंबा के कला संकाय (Faculty of Arts) एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में नवप्रवेशित बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ‘इंडक्शन फॉर बीए-1 स्टूडेंट्स 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 से 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

NEP-2020 की विशेषताओं से कराया अवगत

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राकेश राठौर ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) की प्रमुख विशेषताओं, बहु-विषयक शिक्षा प्रणाली तथा इसके शैक्षणिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नई शिक्षा नीति के अनुरूप अपनी पढ़ाई को योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कॉलेज जीवन में अनुशासन और नैतिक मूल्यों पर जोर

इससे पूर्व उप-प्राचार्य प्रोफेसर सपना बख्शी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को कॉलेज जीवन के मूल्यों, अनुशासन, नैतिकता और जिम्मेदार छात्र जीवन के महत्व से परिचित कराया।

वहीं, IQAC समन्वयक डॉ. चमन ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक गुणवत्ता, मूल्यांकन प्रणाली और समग्र व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

छात्रवृत्ति और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), रोवर-रेंजर्स, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को मिला अनुभवी प्राध्यापकों का मार्गदर्शन

महाविद्यालय के विभिन्न प्राध्यापकों ने भी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा, करियर निर्माण और व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को जलपान वितरित किया गया।

महाविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के इंडक्शन कार्यक्रम नए विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विज्ञापन