हमीरपुर में रिश्तों का कत्ल: मामूली कहासुनी के बाद बेटे ने 65 वर्षीय पिता को पीट-पीटकर मार डाला

हमीरपुर के भोरंज क्षेत्र में शराब के नशे में बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
हमीरपुर में रिश्तों का कत्ल: मामूली कहासुनी के बाद बेटे ने 65 वर्षीय पिता को पीट-पीटकर मार डाला

डलहौज़ी हलचल | हमीरपुर

हमीरपुर जिले के भोरंज थाना क्षेत्र के बड़ैहर गांव में बुधवार देर रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई। कथित तौर पर शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता रत्न चंद की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

कहासुनी के बाद हुआ हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:15 बजे पिता और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर अपने पिता पर मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही भोरंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रत्न चंद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी रास्ते में मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी बेटे को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

गुरुवार सुबह बिलासपुर से पहुंची फोरेंसिक साइंस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

डीएसपी भोरंज लालमन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन