‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान में बड़ी सफलता, ऊना और मंडी में STF की ताबड़तोड़ कार्रवाई
डलहौज़ी हलचल | शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किए गए ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने प्रदेश के ऊना और मंडी जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 77.59 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा 2.006 किलोग्राम चरस बरामद की है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

ऊना में 77.59 ग्राम चिट्टा बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को स्पेशल टास्क फोर्स की टीम गश्त के दौरान ऊना जिले के अंब क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मुबारिकपुर में चिट्टा की तस्करी की जा रही है।
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 60.45 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। इस संबंध में पुलिस थाना अंब में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

बैकवर्ड लिंकेज से मिला बड़ा सुराग
मामले की जांच के दौरान मिले बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर 12 जुलाई को ग्राम तलवाड़ा स्थित दो व्यक्तियों के घरों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां से 17.14 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा बरामद किया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस प्रकार ऊना में कुल 77.59 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
मंडी में वोल्वो बस से 2.006 किलो चरस बरामद
एक अन्य कार्रवाई में 12 जुलाई को स्पेशल टास्क फोर्स की मंडी टीम ने नियमित गश्त के दौरान मनाली-हरिद्वार रूट पर चल रही एक वोल्वो बस की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बस में यात्रा कर रहे हरियाणा निवासी एक व्यक्ति के कब्जे से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स के नवस्थापित पुलिस थाना मंडी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क की होगी जांच
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों मामलों में बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल नशा तस्करी पर रोक लगाना ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और समाज में जन-जागरूकता बढ़ाना भी है।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी चिट्टा या अन्य मादक पदार्थों की तस्करी अथवा नशे से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
