अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: 21 जून को मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर होगा भव्य योग संगम

योग के रंग में रंगेगा मंडी, 21 जून को हजारों लोग करेंगे सेरी मंच पर सामूहिक योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: 21 जून को मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर होगा भव्य योग संगम

डलहौज़ी हलचल | मंडी

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर जिला स्तरीय भव्य योग समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त गुरुसिमर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस वर्ष की थीम होगी ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग के प्रति जागरूक करना है।

‘योग संगम’ के रूप में होगा मुख्य आयोजन

जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजय कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष मुख्य कार्यक्रम को ‘योग संगम’ नाम दिया गया है। यह आयोजन आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) पर आधारित होगा।

प्रशिक्षित योगाचार्यों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का सामूहिक अभ्यास करवाया जाएगा। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।

छात्र, स्वयंसेवक और आम नागरिक होंगे शामिल

21 जून को सुबह 6:30 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में स्कूली एवं महाविद्यालयी छात्र-छात्राएं, एनसीसी और एनएसएस स्वयंसेवक, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक भाग लेंगे।

प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।

जिलेभर में चल रहे हैं योगाभ्यास और जागरूकता कार्यक्रम

डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि योग दिवस से पहले जिले के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में नियमित योगाभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर भी योग गतिविधियों तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग मुख्य कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर : गुरुसिमर सिंह

अतिरिक्त उपायुक्त गुरुसिमर सिंह ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार प्रदान करती है।

उन्होंने जिलेवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में भाग लेने और योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लिया भाग

बैठक में रूपिंदर कौर, विजय कुमार, कुलदीप पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विज्ञापन