ककीरा आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित हुआ ‘समर मेला फर्स्ट 2026 रेडीनेस’, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

ककीरा आंगनवाड़ी केंद्र में समर मेला फर्स्ट 2026 रेडीनेस का आयोजन किया गया। बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ककीरा आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित हुआ ‘समर मेला फर्स्ट 2026 रेडीनेस’, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

डलहौज़ी हलचल | ककीरा | भूषण गुरंग 

महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से ककीरा आंगनवाड़ी केंद्र में ‘समर मेला फर्स्ट 2026 रेडीनेस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत ककीरा जरई के नवनिर्वाचित प्रधान संदीप थापा और ग्राम पंचायत ककीरा कस्बा की प्रधान पूनम थापा ने संयुक्त रूप से की। मेले में बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

बाल विकास के महत्वपूर्ण पहलुओं पर दी जानकारी

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वृत पर्यवेक्षिका (सुपरवाइजर) किरन बैरी उपस्थित रहीं। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, भाषाई, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रारंभिक अवस्था में बच्चों का सही मार्गदर्शन और पोषण उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।

नन्हे बच्चों ने खेल-खेल में सीखी नई बातें

मेले में आंगनवाड़ी केंद्र ककीरा और कालूगंज के 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने भाग लिया। बच्चों की रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई मनोरंजक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पजल गेम, रंग-बिरंगी पेंटिंग, रस्सी कूद, शारीरिक संतुलन प्रतियोगिता, खेल-खेल में गणित की प्रारंभिक जानकारी तथा वर्णमाला सीखने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ इनमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पंचायत प्रतिनिधियों ने की आयोजन की सराहना

कार्यक्रम की सफलता पर प्रधान संदीप थापा और प्रधान पूनम थापा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के मानसिक विकास को प्रोत्साहित करते हैं और उन्हें स्कूल शिक्षा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के पोषण, शिक्षा और समग्र विकास पर विशेष ध्यान दें ताकि उनका भविष्य बेहतर बन सके।

अभिभावकों ने भी सराहा प्रयास

नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों और खेल गतिविधियों को देखकर अभिभावक भी बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आंगनवाड़ी स्टाफ के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को बच्चों के विकास के लिए लाभदायक बताया।

कार्यक्रम के अंत में आंगनवाड़ी केंद्र के स्टाफ ने दोनों पंचायतों के प्रतिनिधियों, वृत पर्यवेक्षिका किरन बैरी तथा सभी अभिभावकों का सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

विज्ञापन