देर रात धर्मशाला पहुंचे विधायक केवल सिंह पठानिया, सुबह सुधेड़ में भूस्खलन प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
डलहौज़ी हलचल | शाहपुर
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सुधेड़ इलाके में भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का शुक्रवार को विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संपर्क मार्गों, डेंजर जोन में स्थित मकानों तथा अन्य प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार केवल सिंह पठानिया शिमला में आयोजित एक बैठक में शामिल होने गए थे। सुधेड़ क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना मिलने के बाद वह देर रात धर्मशाला पहुंचे और अगले दिन सुबह प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
प्रभावित परिवारों से की मुलाकात
निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों से संपर्क मार्गों को जल्द बहाल करने, संभावित खतरे वाले क्षेत्रों की पहचान करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
सुधेड़ क्षेत्र के दौरे के बाद धर्मशाला स्थित विद्युत विभाग के विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वर्षा और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन किया गया तथा राहत और पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने और प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
कई विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, मुख्य अभियंता विद्युत अजय गौतम, अधिशासी अभियंता विद्युत विकास ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रशेखर, बीडीओ रैत कमलजीत, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग बलवीर दियोलिया, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय ठाकुर, तहसीलदार धर्मशाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
