सुबह 5 बजे से मैदान में उतरीं नगर निगम की टीमें, मंडी में जलभराव रोकने को जेसीबी और टिपर लगाए
डलहौज़ी हलचल | मंडी
मंडी शहर में हुई भारी वर्षा के बाद विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव और जल निकासी संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए नगर निगम मंडी ने विशेष सफाई एवं जल निकासी अभियान शुरू कर दिया है। शहर के विभिन्न वार्डों में निगम की टीमें सुबह से ही राहत एवं सफाई कार्यों में जुटी हुई हैं।
टारना में बंद पुलिया से हटाया जा रहा मलबा
भारी बारिश के चलते टारना स्थित महुनाग मंदिर के पास एक पुलिया मलबे से अवरुद्ध हो गई थी, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही थी। समस्या के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा मौके पर जेसीबी मशीनें और टिपर तैनात किए गए हैं। मशीनों की सहायता से पुलिया और आसपास के क्षेत्र से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

सुबह 5 बजे से मैदान में उतरीं निगम की टीमें
नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद संवेदनशील और संभावित जलभराव वाले स्थानों की पहचान की गई है। इसके आधार पर क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न टीमों का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि निगम की टीमें बुधवार सुबह 5 बजे से ही प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं और नालियों, नालों तथा जल निकासी मार्गों की सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है।
जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा कचरा और मलबा
अभियान के तहत पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों, फील्ड स्टाफ और मशीनरी को तैनात किया गया है। जेसीबी मशीनों की सहायता से नालियों और नालों में जमा मिट्टी, मलबा, झाड़ियां और ठोस अपशिष्ट को हटाया जा रहा है, ताकि वर्षा जल की निकासी सुचारू रूप से हो सके।

आगामी दिनों में भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि सभी वार्डों में टीमें आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं और शहर के विभिन्न क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और संभावित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
नागरिकों से सहयोग की अपील
रोहित राठौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे नालियों और नालों में कूड़ा-कचरा, निर्माण सामग्री, मिट्टी या अन्य अपशिष्ट न डालें। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करती है और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को बढ़ा सकती है।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। नगर निगम मंडी जनसुविधाओं की बहाली और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।

