HRTC बस में सफर कर रही 19 वर्षीय युवती के बैग से निकली 1 किलो से अधिक चरस, नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
डलहौज़ी हलचल | नूरपुर
पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एचआरटीसी बस में सफर कर रही 19 वर्षीय युवती को 1 किलोग्राम 6 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि 28 जून 2026 को सीआईए नूरपुर की टीम गनोह, जसूर और नूरपुर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, गश्त तथा मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पालमपुर क्षेत्र की एक युवती एचआरटीसी बस में भारी मात्रा में चरस लेकर आ रही है।
बस में तलाशी के दौरान बैग से मिली चरस
सूचना के आधार पर पुलिस ने बौड चौक, जसूर के पास नाका लगाकर संबंधित एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार कुमारी गुनगुन (19 वर्ष), निवासी गांव खिल्डू, डाकघर बिंद्राबन, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के बैग से 1 किलोग्राम 6 ग्राम चरस बरामद की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए बरामद चरस को कब्जे में लेकर आवश्यक सैंपल सील किए तथा आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस
एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी गहन जांच की जा रही है।
