पालमपुर नगर निगम को मिला नया नेतृत्व, राधा सूद महापौर और नीलम मलिक उपमहापौर सर्वसम्मति से निर्वाचित
डलहौज़ी हलचल | पालमपुर
पालमपुर नगर निगम में सोमवार को आयोजित गरिमामय समारोह में 15 नवनिर्वाचित पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इसके बाद महापौर और उपमहापौर पद के लिए हुए निर्वाचन में राधा सूद को सर्वसम्मति से महापौर तथा नीलम मलिक को सर्वसम्मति से उपमहापौर निर्वाचित किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने दिलाई शपथ
समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने सभी 15 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके उपरांत उनकी अध्यक्षता में महापौर एवं उपमहापौर का निर्वाचन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव के बाद उन्होंने नव-निर्वाचित महापौर और उपमहापौर को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान
अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और शहरों के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधि जनहित, पारदर्शिता और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा पालमपुर के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इन पार्षदों ने ली शपथ
शपथ ग्रहण करने वाले पार्षदों में अप्पर पालमपुर से राधा सूद, लोहना से इन्द्र पाल, पालमपुर खास से रणजीत कौर, आईमा से शैलजा चौहान, सुघर से रविन्द्र कुमार, घुग्गर खिलड़ू से कविता मिन्हास, बिंद्रावन से सविता राठौर, खलेट से रितेश ठाकुर, चौक से मीनू देवी, मारंडा से नीलम मलिक, राजपुर से किरना देवी, घुग्गर टांडा से ललित कुमार शर्मा, टांडा से अंचना, बनूरी से मोनिका शर्मा तथा होल्टा से राजकुमार शामिल रहे।
समारोह में रहे अनेक गणमान्य उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, नगर निगम आयुक्त नेत्री मेती, एसडीएम पालमपुर ओ.पी. यादव, डीएसपी सुनील राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
