तिरंगे की शान में रंगा बकलोह केंद्रीय विद्यालय, बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
डलहौज़ी हलचल | बकलोह (चंबा)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर असिस्टेंट कमिश्नर, हमीरपुर एवं हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राम प्रसाद शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गीत, कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को किया याद
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य अनिल कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण को बताया राष्ट्रसेवा का अहम हिस्सा
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण ही स्वस्थ एवं समृद्ध भारत की आधारशिला है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा केवल सीमा पर ही नहीं, बल्कि पर्यावरण की रक्षा करके भी की जा सकती है।
विद्यार्थियों से शिक्षा और राष्ट्रसेवा में योगदान का आह्वान
प्राचार्य अनिल कुमार ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा, अनुशासन, परिश्रम, राष्ट्रसेवा और पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ देश के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को भारत की आन, बान और शान की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर पीजीटी हिंदी ओम प्रकाश ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
