दाड़लाघाट दंगल में विधायक संजय अवस्थी की बड़ी घोषणाएं, स्टेडियम, पुस्तकालय और एसएचजी दुकानों का मिला तोहफा
डलहौज़ी हलचल | सोलन
अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने में प्राचीन और आधुनिक खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वह ग्राम पंचायत दाड़लाघाट द्वारा आयोजित दंगल समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का भी विकास करते हैं।
पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक धरोहर
संजय अवस्थी ने कहा कि प्राचीन खेल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। इन खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित होती है।
उन्होंने युवाओं से पारंपरिक खेलों को अपनाने और उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
एंटी चिट्टा अभियान को बताया सकारात्मक पहल
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने और नशे से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है तथा उन्हें खेलों और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
दाड़लाघाट अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी नियुक्ति
संजय अवस्थी ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि दाड़लाघाट अस्पताल में मेडिकल और पैरामेडिकल कर्मियों के रिक्त पदों को भरने का मामला उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। साथ ही दाड़लाघाट में अर्की नागरिक अस्पताल की तर्ज पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति भी शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी।
खेल स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में
विधायक ने बताया कि दाड़लाघाट में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खेल स्टेडियम के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि का चयन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम निर्माण से जुड़ी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं और जल्द ही इस परियोजना पर कार्य शुरू होगा।
स्वयं सहायता समूहों के लिए बनेंगी दुकानें
संजय अवस्थी ने कहा कि दाड़लाघाट में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष दुकानें निर्मित की जाएंगी, जिससे महिला समूहों और स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों के विपणन में सहायता मिलेगी।
इसके अलावा युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय भी स्थापित किया जाएगा, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
दंगल समिति को दिए 31 हजार रुपये
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने दंगल समिति को प्रोत्साहन स्वरूप 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कई गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी ठाकुर, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान श्याम चौधरी, उपप्रधान हेमराज गौतम, ग्राम पंचायत बसंतपुर के उपप्रधान धनीराम, विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, मेला समिति के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
