संजय टंडन का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- हिमाचल को फिर से “440 वोल्ट” की ताकत देने का समय
डलहौज़ी हलचल (सोलन): भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी संजय टंडन ने सोलन के गंज बाजार में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और प्रदेश की व्यवस्था चरमरा चुकी है। अब समय आ गया है कि हिमाचल प्रदेश को फिर से मजबूत और विकास की राह पर लाया जाए।
“50 वोल्ट की तार से पूरा सिस्टम पटाखा बोल गया”
संजय टंडन ने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा, “हमने 440 वोल्ट की केंद्र सरकार के साथ 50 वोल्ट की तार जोड़ दी, इसलिए पूरा सिस्टम पटाखा बोल गया। अब इसको फिर से 440 वोल्ट बनाना है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा ही प्रदेश को मजबूत नेतृत्व, स्थिर विकास और प्रभावी शासन दे सकती है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि केंद्र की भाजपा सरकार लगातार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है, लेकिन प्रदेश सरकार उस गति और विजन के साथ काम नहीं कर पा रही।

महिलाओं से भाजपा को समर्थन देने की अपील
भाजपा नेता संजय टंडन ने विशेष रूप से महिलाओं से कांग्रेस को वोट न देने और भाजपा को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस केवल झूठे वादे और भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
कार्यकर्ताओं को दिया घर-घर पहुंचने का संदेश
रैली के दौरान संजय टंडन ने भाजपा कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और भाजपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा।
