शिमला में नवनिर्वाचित प्रधानों-उपप्रधानों ने ली शपथ, रोहित ठाकुर बोले- विकसित हिमाचल में पंचायतों की होगी अहम भूमिका

शिमला के पंचायत प्रतिनिधियों को मिला विकास का मंत्र, रोहित ठाकुर ने दिलाई शपथ, CM सुक्खू भी रहे मौजूद
शिमला में नवनिर्वाचित प्रधानों-उपप्रधानों ने ली शपथ, रोहित ठाकुर बोले- विकसित हिमाचल में पंचायतों की होगी अहम भूमिका

डलहौज़ी हलचल | शिमला

जिला शिमला के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों के लिए सोमवार को पीटरहॉफ में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू विशेष रूप से उपस्थित रहे।

निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उन्हें पूरी निष्ठा तथा पारदर्शिता के साथ जनसेवा करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि 27 जून 2026 को सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पंचायतों के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।

16वें वित्त आयोग से पंचायतों को मिलेगा बड़ा वित्तीय सहयोग

रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है, इसलिए गांवों का समग्र विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग के तहत पंचायती राज संस्थाओं के विकास के लिए प्रदेश को लगभग 3744 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे, जिन्हें विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी पंचायतों को अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध करवाएगी ताकि प्रत्येक पंचायत को विकसित पंचायत के रूप में स्थापित किया जा सके।

निर्विरोध पंचायतों को मिलेगा 25 लाख रुपये का प्रोत्साहन

शिक्षा मंत्री ने बताया कि पंचायती राज चुनावों में निर्विरोध चुनी गई 137 पंचायतों को प्रति पंचायत 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपनी पंचायतों में स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और नशा निवारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता दें।

विकसित हिमाचल के निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका

रोहित ठाकुर ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही विकसित हिमाचल का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्य करने का आह्वान किया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्वागत और धन्यवाद

समारोह में उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी अतिथियों और जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा ने समारोह के अंत में मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर विधायक नंद लाल, कुलदीप सिंह राठौर, मोहन लाल ब्राक्टा, हरीश जनारथा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विज्ञापन