शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026: गेयटी थियेटर में सजा पहाड़ी कवि सम्मेलन, कविताओं का होगा पुस्तक के रूप में प्रकाशन
डलहौज़ी हलचल | शिमला
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के दूसरे दिन ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के सभागार में पहाड़ी कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कवियों और साहित्य प्रेमियों ने भाग लिया तथा अपनी रचनाओं के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और प्राकृतिक सौंदर्य को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने की नई पहल की सराहना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुपम कश्यप उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी भाषा और साहित्य हमारी पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं तथा इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कवि सम्मेलन की रचनाएं पुस्तक के रूप में होंगी प्रकाशित
उपायुक्त ने बताया कि सम्मेलन में प्रस्तुत की गई उत्कृष्ट पहाड़ी कविताओं का संकलन तैयार कर भविष्य में पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। इस पुस्तक को प्रदेश के विभिन्न पुस्तकालयों में उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग पहाड़ी साहित्य से जुड़ सकें और इसकी समृद्ध परंपरा को जान सकें।
उन्होंने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण होता है और साहित्यकार समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। सामाजिक चेतना के विकास और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में साहित्यकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
लोक संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों पर केंद्रित रहीं कविताएं
कवि सम्मेलन के दौरान विभिन्न कवियों ने पहाड़ी भाषा में अपनी स्वरचित रचनाओं का पाठ किया। कविताओं में हिमाचल की लोक संस्कृति, ग्रामीण जीवन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और मानवीय संवेदनाओं जैसे विषयों को प्रमुखता से स्थान दिया गया। कवियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
साहित्यकारों और युवाओं को मिला रचनात्मक मंच
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम पहाड़ी भाषा और साहित्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ। साथ ही प्रदेश के साहित्यकारों और युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच भी मिला।
बड़ी संख्या में जुटे साहित्य प्रेमी
कार्यक्रम में विभिन्न साहित्यकारों, कवियों, गणमान्य व्यक्तियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने कवियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।