शिमला के कायाकल्प की ओर बड़ा कदम: मुख्यमंत्री ने 246 करोड़ की भूमिगत यूटिलिटी डक्ट परियोजना की रखी आधारशिला
डलहौज़ी हलचल | शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के शहरी स्वरूप को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को 246 करोड़ रुपये लागत की भूमिगत यूटिलिटी डक्ट परियोजना की आधारशिला रखी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य शिमला की उपयोगिता सेवाओं को आधुनिक बनाना, शहरी सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
किन क्षेत्रों में बनेगा भूमिगत यूटिलिटी नेटवर्क?
परियोजना के तहत छोटा शिमला-विली पार्क-चौड़ा मैदान, लोक भवन-ओक ओवर तथा शेर-ए-पंजाब-सीटीओ चौक वाया लोअर बाजार मार्गों में एकीकृत भूमिगत यूटिलिटी डक्ट नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से बिजली, दूरसंचार तथा अन्य उपयोगिता सेवाओं के तारों और लाइनों को भूमिगत किया जाएगा।
बार-बार सड़क खुदाई की समस्या से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद विभिन्न विभागों द्वारा रखरखाव कार्यों के लिए सड़कों की बार-बार खुदाई की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। इससे यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी और नागरिकों को होने वाली असुविधा में भी कमी आएगी।
शिमला की सुंदरता में होगा बड़ा इजाफा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिमला में ओवरहेड तारों को भूमिगत करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक पहल है। इससे शहर का दृश्य स्वरूप अधिक आकर्षक बनेगा और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शिमला की विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए पर्यटन को नई गति प्रदान करेगी।
खराब मौसम में भी सेवाएं रहेंगी सुचारू
मुख्यमंत्री ने बताया कि भूमिगत यूटिलिटी नेटवर्क के माध्यम से बिजली और दूरसंचार सेवाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी। विशेषकर भारी हिमपात, वर्षा और प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में सेवाओं के बाधित होने की संभावनाएं कम होंगी तथा रखरखाव कार्य भी अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।
नागरिक-केंद्रित विकास के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक, सतत एवं नागरिक-केंद्रित शहरी अवसंरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस परियोजना को शिमला के कायाकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे राजधानी की आधारभूत संरचना और अधिक मजबूत होगी।
कई गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षदगण, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
