हिमाचल में अवैध शराब पर STF का शिकंजा, फोरलेन टनल के पास ट्रक से पकड़ी गई 519 पेटी बीयर
डलहौज़ी हलचल | मंडी
हिमाचल प्रदेश में अवैध नशा एवं शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की टीम ने मंडी जिले में मलारी फोरलेन टनल के समीप नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 519 पेटी अवैध बीयर बरामद की है। चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद ट्रक और शराब की खेप को कब्जे में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई अवैध शराब की खेप
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात एसटीएफ की टीम मलारी फोरलेन टनल के पास नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एचपी-65ए-3114 नंबर के एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी के दौरान ट्रक से किंगफिशर और टुबोर्ग ब्रांड की कुल 519 पेटियां बीयर बरामद हुईं।
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
एसटीएफ ने जब ट्रक चालक से शराब के परिवहन से संबंधित वैध परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने पूरी खेप और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
मामला सदर थाना मंडी को सौंपा
एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेम राज वर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक और बरामद बीयर की खेप को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सदर पुलिस थाना मंडी के सुपुर्द कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि अवैध शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में एफआईआर दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
