ऊना: अंब में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 3 और सहायिका के 14 पदों पर भर्ती, 10 जुलाई तक करें आवेदन

ऊना के अंब बाल विकास परियोजना के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 3 और सहायिका के 14 पदों पर भर्ती होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई और साक्षात्कार 15 जुलाई को होगा।
ऊना: अंब में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 3 और सहायिका के 14 पदों पर भर्ती, 10 जुलाई तक करें आवेदन

डलहौज़ी हलचल | ऊना

बाल विकास परियोजना अंब के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिका के कुल 17 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) अंब कुलदीप कुमार ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 सायं 5 बजे तक सादे कागज पर आवेदन पत्र बाल विकास परियोजना कार्यालय अंब में जमा करवा सकती हैं।

इन केंद्रों में भरे जाएंगे रिक्त पद

सीडीपीओ ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के तीन पद क्रमशः वधमाण-दो, जवाल-एक तथा बदाऊ-एक आंगनवाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे।

वहीं आंगनवाड़ी सहायिका के 14 पद कोटली, सिद्धचलेहड़, पिंजौर-दो, बेहड़, वधमाणा-दो, लडियाल चूक, कटौहड़ कलां-दो, बीजापुर, बाजीगर मुहल्ला, टकोली, शिवपुर, हीरानगर-दो, दियाड़ा-दो तथा बेहड़ी आंगनवाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे।

15 जुलाई को होगा साक्षात्कार

इन सभी पदों के लिए साक्षात्कार 15 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय अंब में आयोजित किया जाएगा।

पात्रता एवं आवश्यक शर्तें

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र का स्थायी निवासी होना चाहिए तथा परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र नायब तहसीलदार, तहसीलदार अथवा कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा प्रमाणित होना अनिवार्य है।

ऐसे होगा चयन

सीडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर होगी। इसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक, उच्च शैक्षणिक योग्यता के लिए 3 अतिरिक्त अंक, कार्य अनुभव के लिए अधिकतम 3 अंक, दिव्यांग महिलाओं के लिए 2 अंक, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 2 अंक, विधवा, अनाथ, निराश्रित, परित्यक्ता एवं अन्य पात्र श्रेणियों की महिलाओं के लिए 3 अंक, दो पुत्रियों वाले एवं पुत्र न होने वाले परिवारों की पात्र महिलाओं के लिए 2 अंक तथा व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए 3 अंक निर्धारित किए गए हैं।

सीडीपीओ ने पात्र महिलाओं से समय रहते आवेदन करने तथा निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित साक्षात्कार में उपस्थित होने की अपील की है।

विज्ञापन