मुख्यमंत्री की पहल पर 26 जून को ‘एंटी चिट्टा डे’, ऊना में होंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम
डलहौज़ी हलचल | ऊना
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर हिमाचल प्रदेश में 26 जून को पहली बार ‘एंटी चिट्टा डे’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेशभर में नशे, विशेषकर चिट्टे के बढ़ते खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नशा मुक्त हिमाचल के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मिनी सचिवालय परिसर में होगा शपथ ग्रहण कार्यक्रम
इसी क्रम में ऊना जिले में भी नशे के विरुद्ध विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय परिसर में 26 जून को प्रातः 11:00 बजे एंटी चिट्टा शपथ कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी नशे के खिलाफ सामूहिक शपथ लेंगे और चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों के उन्मूलन के लिए समाज को जागरूक करने का संकल्प दोहराएंगे।
नशा मुक्त हिमाचल अभियान को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा अभियान शुरू किया है। राज्य सरकार इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है तथा जनभागीदारी को अभियान की सफलता का सबसे महत्वपूर्ण आधार मान रही है।
युवाओं को जागरूक करना अभियान का मुख्य उद्देश्य
पहली बार आयोजित किए जा रहे एंटी चिट्टा डे का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, समाज में नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा नशा उन्मूलन अभियान में आमजन की भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाना है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
