26 जून को शिमला में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, वॉकाथॉन और साइकिल रैली होगी आयोजित

26 जून को शिमला में अंतरराष्ट्रीय नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस पर वॉकाथॉन, साइकिल रैली और राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
26 जून को शिमला में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, वॉकाथॉन और साइकिल रैली होगी आयोजित

डलहौज़ी हलचल | शिमला

अंतरराष्ट्रीय नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस-2026 के अवसर पर 26 जून को शिमला में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

रिज मैदान से निकलेगी वॉकाथॉन और साइकिल रैली

विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि 26 जून को प्रातः 10:30 बजे शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान नशा मुक्त समाज का संदेश देने के लिए वॉकाथॉन तथा साइकिल रैली भी निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेंगे।

बचत भवन में होगा राज्य स्तरीय समारोह

प्रातः 11:00 बजे शिमला के बचत भवन में केंद्र सरकार द्वारा ऑनलाइन आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में 17 से 26 जून तक पूरे जिले में आयोजित जागरूकता गतिविधियों का औपचारिक समापन किया जाएगा।

जागरूकता गतिविधियों का होगा समापन

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जागरूकता रैलियों, साइकिल एवं बाइक रैलियों, योग एवं ध्यान सत्रों, शपथ ग्रहण अभियानों, पोस्टर, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं, नुक्कड़ नाटकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, हस्ताक्षर अभियानों, वेबिनार, स्वास्थ्य एवं परामर्श शिविरों तथा विद्यालय, महाविद्यालय एवं पंचायत स्तर पर आयोजित जनजागरूकता गतिविधियों का समापन किया जाएगा।

कार्यक्रम में नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाने के लिए सामूहिक शपथ ग्रहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने लोगों से इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर नशा मुक्त हिमाचल के अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

विज्ञापन