सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने किया “मैं भी स्वदेशी समर्थक” महाअभियान का शुभारंभ
डलहौज़ी हलचल | ऊना
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को ऊना जिले के संतोषगढ़ से स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रव्यापी “मैं भी स्वदेशी समर्थक” महाअभियान की डिजिटल शुरुआत की। सांसद ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से अभियान से जुड़कर इसका औपचारिक शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।
आत्मनिर्भर भारत को मजबूत बनाने पर दिया जोर
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि स्वदेशी ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों, स्थानीय उद्योगों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्टअप्स और कारीगरों को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर देश की अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
जिले में एक लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य
स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रशिक्षक सत्य देव शर्मा सहोड़ ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिला ऊना में एक लाख से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए गांवों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
घर बैठे ऑनलाइन जुड़ सकेंगे लोग
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति घर बैठे अभियान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकता है। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोग इस प्रमाण-पत्र को अपने सोशल मीडिया मंचों पर साझा कर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संदेश आम लोगों तक पहुंचा सकते हैं।
स्वदेशी को जन-आंदोलन बनाने का प्रयास
सत्य देव शर्मा सहोड़ ने कहा कि यह केवल एक सदस्यता अभियान नहीं है, बल्कि स्वदेशी, स्वावलंबन और आत्मनिर्भर भारत के विचार को जन-आंदोलन का रूप देने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
यह लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रचार प्रमुख पंकज सहोड़, युवा आयाम प्रमुख अभिनीत चड्ढा, नगर संयोजक डॉ. सुमित कुमार शर्मा और अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
