चंबा को मुख्यमंत्री सुक्खू की बड़ी सौगात, मेडिकल कॉलेज के नए भवन सहित 26 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
डलहौज़ी हलचल | चंबा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र को 333.25 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 26 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें स्वास्थ्य, सड़क, पुल निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
मेडिकल कॉलेज के 200 बिस्तरों वाले भवन का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, चंबा में 158 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 200 बिस्तरों वाले भवन का लोकार्पण किया। इस भवन के शुरू होने से चंबा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कई महत्वपूर्ण सड़कों और पुलों का हुआ लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने शाहपुर-सिहुंता-चुवाड़ी-चंबा सड़क, परेल-कोहलड़ी सड़क, परेल मार्ग से चंबा-बनीखेत सड़क, लुड्डू-घरमाड़ी सड़क, सराहन-रान सड़क तथा भनेरा-देवीदेहरा-रठियार-मनकोट सड़क के उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया।
इसके अतिरिक्त करियां-भरियां-कोठी सड़क पर रावी नदी पर निर्मित बॉक्स गर्डर पुल भी लोगों को समर्पित किया गया।
चंबा शहर में बनेगी नई पार्किंग
मुख्यमंत्री ने चंबा के भगत क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली वाहन पार्किंग परियोजना के पहले चरण का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर में पार्किंग की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने द्रबला, सनोथा, साच-फतेहपुर, नाणु, द्रडा सेरू, घरग्राम, घतरेड़, छांजून, रुंडेगा, बसोधन, मानकोट, मलूना, कठना और राजेरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क मार्गों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
औषधि एवं टीकाकरण भंडार की रखी आधारशिला
मुख्यमंत्री ने सरोल स्थित कुष्ठ अस्पताल परिसर में जिला औषधि भंडार और टीकाकरण भंडार के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। इस परियोजना पर लगभग 3.72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद जिले में दवाओं के भंडारण और टीकाकरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
