बनीखेत में पेंशनरों ने उठाई एरियर, डीए और मेडिकल भत्ते की मांग, गैस आपूर्ति व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी

बनीखेत में हिम आँचल पेंशनर संघ की बैठक में लंबित एरियर, 15 प्रतिशत डीए और मेडिकल भत्ते के भुगतान की मांग उठाई गई। गैस आपूर्ति और अस्पताल में भोजन व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई।
बनीखेत में पेंशनरों ने उठाई एरियर, डीए और मेडिकल भत्ते की मांग, गैस आपूर्ति व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी

डलहौज़ी हलचल | बनीखेत (चंबा)

हिम आँचल पेंशनर संघ, बनीखेत ब्लॉक की बैठक मंगलवार को लोक निर्माण विभाग (एचपीडब्ल्यूडी) विश्राम गृह बनीखेत में ब्लॉक प्रधान एम.एल. अरोड़ा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जे.पी. ठाकुर ने किया। इस दौरान लगभग 40 पेंशनरों ने भाग लिया और अपनी लंबित वित्तीय मांगों के अलावा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

लंबित एरियर और डीए के भुगतान की उठाई मांग

बैठक में पेंशनरों ने कहा कि एक जनवरी 2016 से एक जनवरी 2022 तक का एरियर अभी तक पूरी तरह जारी नहीं किया गया है। उनका कहना था कि सरकार ने 15 हजार रुपये तक की बेसिक पेंशन पाने वाले पारिवारिक पेंशनरों और 25 हजार रुपये तक की बेसिक पेंशन वाले पेंशनरों को आंशिक भुगतान किया है, जबकि इससे अधिक राशि प्राप्त करने वाले पेंशनरों को अब तक एरियर, ग्रेच्युटी और अन्य वित्तीय लाभ नहीं मिल सके हैं।
पेंशनरों ने लंबे समय से लंबित 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) और मेडिकल भत्ते का भुगतान भी जल्द करने की मांग की।

गैस आपूर्ति व्यवस्था पर जताई नाराजगी

बैठक के दौरान डलहौजी गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। पेंशनरों ने कहा कि एजेंसी का कार्यक्षेत्र काफी बड़ा होने और पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर लोगों को घंटों तक कतारों में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन सीमित संख्या में सिलेंडर पहुंचने के कारण अनेक लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। बुजुर्गों को स्वयं सिलेंडर ढोकर घर तक ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
पेंशनर संघ ने मांग की कि यदि वर्तमान एजेंसी पूरे क्षेत्र में सुचारु रूप से सेवाएं प्रदान करने में सक्षम नहीं है, तो उसके कार्यक्षेत्र का पुनर्गठन कर किसी अन्य सक्षम एजेंसी को यह जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए। इस संबंध में उपायुक्त चंबा को ज्ञापन भेजने का निर्णय भी लिया गया।

अस्पताल में मरीजों के भोजन पर भी उठे सवाल

बैठक में डलहौजी अस्पताल में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। पेंशनरों का कहना था कि मरीजों को तंदूर में बनी रोटियां दी जा रही हैं, जिन्हें बुजुर्ग और कमजोर मरीज आसानी से नहीं खा पाते। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मरीजों के लिए हाथ से बने फुल्कों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

सरकार से जल्द समाधान की अपील

बैठक के अंत में पेंशनर संघ के सदस्यों ने सरकार से सभी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने और क्षेत्र में गैस आपूर्ति तथा अस्पताल की भोजन व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला प्रधान शिव कुमार कोड़ा सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

विज्ञापन